जामताड़ा / भाजपा में अंतर्कलह: बिनोद मंडल, विष्णु और तरुण गुप्ता ने शुरू किया विराेध, कई दल संपर्क साधने में

जामताड़ा. जामताड़ा से वीरेंद्र मंडल के भाजपा प्रत्याशी बनते ही पार्टी में अंतर्कलह गहरा गया है। जिले में मजबूत प्रभाव रखने वाले पार्टी के विष्णु प्रसाद भैया, तरुण गुप्ता और पूर्व सांसद सूरज मंडल के बड़े बेटे बिनोद मंडल टिकट न मिलने से बागी तेवर में हैं। कहा- पार्टी ने टिकट नहीं दिया है ताे भुगतने काे तैयार रहे, क्याेंकि वे चुनाव ताे जरूर लड़ेंगे। स्वाभिमान की रक्षा के लिए जो भी करना पड़ेगा, करेंगे। आरोप लगाया कि सालों भाजपा का झंडा ढोया, लेकिन कुछ देने के वक्त पार्टी मुकर गई। लेकिन जनता उनके कार्यों से प्रभावित है और चुनाव में साथ देगी।


जामताड़ा का कीचड़ सूखा, अब कमल नहीं खिलेगा : विष्णु भैया


जामताड़ा से टिकट नहीं मिलने से पूर्व विधायक विष्णु भैया नाराज हैं। उन्होंने मीडिया से बातचीत कर बागी तेवर दिखाए। विष्णु प्रसाद भैया ने कहा कि कमल तो कीचड़ में खिलता है। जब तक जामताड़ा में कीचड़ था, हमने जामताड़ा में कमल खिलाया। आज जामताड़ा का कीचड़ सूख गया है और यहां सिर्फ कंक्रीट पत्थर रह गए हैं। अब यहां से कभी कमल नहीं खिलेगा।


किस पार्टी से चुनाव लड़ेंगे, अभी तय नहीं किया है : तरुण गुप्ता


तरुण कुमार गुप्ता ने स्पष्ट किया वे चुनावी मैदान में रहेंगे। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की चर्चा करते हुए कहा कि एक बुरा व्यक्ति अगर अच्छे दल से टिकट प्राप्त कर लेता है तो ये उस दल की विवशता हो सकती है, परंतु मतदाताओं के लिए विवशता नहीं है। उन्होंने कहा कि उनका चुनाव लड़ना तय है, लेकिन किस पार्टी से लड़ेंगे यह तय नहीं है।


चुनावी मैदान में उतरेंगे, समय पर नामांकन करेंगे : बिनोद मंडल


बिनोद मंडल ने कहा कि वे भी चुनावी मैदान में उतरेंगे। कई दलों के संपर्क में हैं। समय पर नामांकन करेंगे। बीस वर्षों से भाजपा के साथ हैं। परंतु न तो जिला में अौर न प्रदेश में ही स्थान दिया जा रहा है। पिता सूरज मंडल की चर्चा करते हुए कहा कि उन्होंने अपने लिए टिकट नहीं मांगा था, बल्कि मेरे लिए टिकट मांग रहे थे। भाजपा से टिकट नहीं मिला, लेकिन चुनाव लड़ना तय है।