झारखंड / अबकी बार महागठबंधन की सरकार, भाजपा गठबंधन झारखंड पार : हेमंत सोरेन

रामगढ़. झारखंड विधानसभा चुनाव में अबकी बार महागठबंधन की सरकार बन रही है और भाजपा गठबंधन झारखंड के पार चली जायेगी। उक्त बातें पूर्व सीएम हेमंत सोरेन सोमवार को पैतृक आवास नेमरा में पत्रकारों से बातचीत के क्रम में कही। वे सोहराय पर्व मनाने रविवार को देर शाम सपरिवार पिता शिबू सोरेन, माता रुपी सोरेन, भाई बसंत सोरेन के साथ गोला प्रखंड के नेमरा पहुंचे थे। पांच दिनी पूजा के कार्यक्रम में सोमवार को बोंगाबुरु और ग्राम देवता की पूजा अर्चना के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत किया। उन्होंने पत्रकारों के सवालों का बेबाक तरीके से जवाब दिया।


झारखंड पार छत्तीसगढ़ जाएगी भाजपा गठबंधन
हेमंत सोरेन ने कहा कि अबकी बार झारखंड में महागठबंधन सरकार बनाएगी और रघुवर दास की भाजपा गठबंधन झारखंड के पार छत्तीसगढ़ जाएगी। उन्होंने कहा कि सोहराय में इस वर्ष मौजीहड़ाम की जिम्मेवारी गांव से मुझे सौंपा गया है। इस सामाजिक परंपरा के साथ राजनीतिक व सामाजिक दायित्व भी जरूरी है। हेमंत सोरेन ने कहा पांच वर्षों में राज्य की जनता कराह रही है। किसान, बेरोजगारी, युवाओं का पलायन, भ्रष्टाचार और अत्याचार बेहिसाब बढ़ गई है। इसका जवाब इस बार जनता देगी। इस बार के चुनाव में भाजपा गठबंधन और एजेंडा के पेंच में फंस गई है। राजद की सीटों को लेकर नाराजगी को उन्होंने तत्काल हल करने की बात कही। 


राज्य का राजा व्यापारी तो प्रजा भिखारी ही होगी: हेमंत
हेमंत ने भाजपा-आजसू गठबंधन को बारगेनिंग गठबंधन का नाम दिया। कहा कि चाणक्य नीति में कहा गया है कि जिस राज्य का राजा व्यापारी हो उसका प्रजा तो भिखारी ही होगी। मोलतोल का गठबंधन विकास और राज्य के जनता का दोहन ही तो करेगी। वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा सुप्रीमो शिबू सोरेन ने कहा रघुवर का समय पूरा हो गया है। झारखंड में इसका नाम लेने वाला भी नहीं होगा। 


चुनावी माहौल में कूल कूल दिखे पिता पुत्र
पूरे झारखंड में चुनावी सरगर्मी चढ़ी हुई है। बढ़ते ठंड में आरोप प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। लेकिन हेमंत सोरेन इसके विपरीत नजर आए। हेमंत सोरेन अपने घर में कूल कूल नजर आए। चेहरे पर मुस्कान के साथ कुल देवता का पूजा करते रहे। मीडिया कर्मियों से एक आम व्यक्ति की तरह बात किये एवं गोला में एक कार्यक्रम करने का अनुरोध को स्वीकार किया। घर में एक आदमी की तरह टी शर्ट एवं ट्राउजर पहने लोगों से मिलते रहे। पार्टी के नेताओं में रामगढ़ की राजनीति से हेमंत को अवगत कराया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि सरकार बनाने के लिए मुझे सीट छोड़ना पड़े तो भी कोई गम नहीं होगा।