झारखंड विस चुनाव / भाजपा बताए, हमसे कहां रह गई कमी, क्यों काटा टिकट : राधाकृष्ण किशोर

रांची. छतरपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक राधा कृष्ण किशोर मंगलवार सुबह आजसू में शामिल हो गए। आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने राधा कृष्ण किशोर को पार्टी की सदस्यता दिलाई। भाजपा छोड़ने के बाद वे आजसू के प्रदेश कार्यालय में हमलावर दिखे, कहा- भाजपा सार्वजनिक रूप से बताए आखिर हमसे कहां कमी रह गई? हमारा टिकट क्यों काटा? झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए जारी पहली सूची में पार्टी ने छतरपुर विधानसभा से राधा कृष्ण किशोर का टिकट काट दिया था। उनकी जगह पार्टी ने पूर्व सांसद मनोज भुईंया की पत्नी पुष्पा देवी को छतरपुर से उम्मीदवार घोषित किया है। उधर, आजसू में शामिल होने के बाद संभावना है कि राधा कृष्ण किशोर इस बार आजसू के टिकट पर छतरपुर से चुनाव लड़ेंगे।


जहां कर्म का महत्व न हो वहां से निकलना बेहतर
आजसू में शामिल होने के बाद राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि वे पिछले 40 साल से राजनीति में सक्रिय हैं। क्षेत्र की जनता ने उनपर भरोसा करके पांच बार विधायक चुना है। अपने अनुभव के आधार पर मैं कहना चाहूंगा कि ऐसी जगह जहां निष्ठा, समर्पण और कर्म का कोई महत्व न हो, वैसी जगह से बाहर निकल जाना ही बेहतर है।


राधाकृष्ण किशोर से मिलेगी संगठन को वैचारिक धार : सुदेश महतो
सुदेश महतो ने कहा कि राधाकृष्ण किशाेर के पार्टी में शामिल होने से संगठन को वैचारिक धार मिलेगी। इन्हें संसदीय और राजनीतिक व्यवस्था की गहरी जानकारी है। वैधानिक रूप से पार्टी और झारखंडी मूल्यों को स्थापित करने में मदद मिलेगी। लोगों के सपनों को साकार करने के लिए पार्टी प्रतिबद्ध रही है। आगामी चुनाव में पार्टी जनाकांक्षा को पूरी करने को प्रभावी रूप से उपस्थिति दर्ज कराएगी। सुदेश महतो ने सरोज दूबे का भी स्वागत किया।


छतरपुर से पांच बार विधायक रह चुके हैं राधा कृष्ण किशोर
राधा कृष्ण किशोर पांच बार छतरपुर से विधायक रह चुके हैं। उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर 1980, 1985, 1995 का विधानसभा चुनाव जीता था। अलग झारखंड बनने के बाद राधा कृष्ण किशोर जदयू के टिकट पर 2005 का विधानसभा चुनाव जीता। फिर राधा कृष्ण किशोर भाजपा में शामिल हो गए और 2014 का विधानसभा चुनाव जीतकर पांचवी बार विधायक बने।